नई दिल्ली, 4 मार्च 2026: साल 2025 भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए ऐतिहासिक और यादगार रहा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने पहली बार एकदिवसीय विश्व कप का खिताब जीता। इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब टीम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के लिए भारतीय महिला टीम को लॉरेस ‘टीम ऑफ द ईयर’ पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इसकी पुष्टि 3 मार्च को लॉरेस स्पोर्ट ने की।
भारतीय टीम इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामांकित होने वाली पहली महिला क्रिकेट टीम बन गई है। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम ने 339 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल कर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा रन चेज दर्ज किया था। इसके बाद फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टीम ने अपना पहला विश्व कप खिताब जीता।
हरमनप्रीत कौर की टीम को इंग्लैंड की महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम, यूरोपीय राइडर कप टीम, फ्रेंच फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन एफ.सी. और McLaren F1 Team जैसी विश्व स्तरीय टीमों के साथ नामांकित किया गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भारतीय टीम यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम कर पाएगी।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि 2025 विश्व कप की जीत न केवल टीम बल्कि पूरे देश के क्रिकेट परिवेश के लिए ऐतिहासिक क्षण थी। उन्होंने कहा कि लॉरेस नामांकन इस सफलता के वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है। टीम ने देश की युवा पीढ़ी, विशेषकर लड़कियों को क्रिकेट अपनाने के लिए प्रेरित किया है और बोर्ड आने वाले वर्षों में इस सफलता को मजबूत आधार और सहयोग प्रणाली के जरिए आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा कि यह नामांकन महिला टीम की कड़ी मेहनत और भारत में महिला क्रिकेट के बढ़ते कद का प्रमाण है। भारतीय महिला टीम अब उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गई है जिन्हें लॉरेस सम्मान के लिए नामित किया गया है, जिनमें विनेश फोगाट (2019), नीरज चोपड़ा (2022) और ऋषभ पंत (2025) शामिल हैं।






