अमृतसर, 1 मार्च 2026: होली के अवसर पर अमृतसर के सबसे प्रसिद्ध बाजारों में शामिल हॉल बाजार के अंदर स्थित जोसन मार्केट आज यानी 1 मार्च से चार दिनों के लिए बंद रहेगी। यह जानकारी समाजसेवी एवं हॉल बाजार स्थित जोसन मार्केट के प्रधान गौरव भल्ला ने दी।
उन्होंने बताया कि मार्केट की एक विशेष बैठक वरिष्ठ यूनियन नेताओं की मौजूदगी में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 1 मार्च से 4 मार्च तक सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी और किसी भी प्रकार का व्यापार नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा, हर वर्ष की तरह इस बार भी दुकानदार यूनियन अड्डा झब्बाल द्वारा 3 और 4 मार्च (मंगलवार और बुधवार) को अड्डा झब्बाल की सभी दुकानें और बाजार बंद रखे जाएंगे।
यूनियन के सदस्यों ने बताया कि होले मोहल्ले के पवित्र अवसर पर परंपरा के तहत हर साल बाजार बंद रखे जाते हैं और इस बार भी इसी परंपरा का पालन किया जाएगा।
त्योहारी माहौल के चलते बाजार बंद रहने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहेंगी, लेकिन धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।






