ला पेज़, 28 फरवरी 2026: दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया की राजधानी ला पेज़ के नजदीक शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा सामने आया। बोलीवियाई वायु सेना का हरक्यूलिस सी-130 (Hercules C-130) कार्गो विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद अनियंत्रित होकर El Alto शहर के एक व्यस्त हाईवे पर जा गिरा। इस भीषण हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
फायर ब्रिगेड प्रमुख पावेल टोवर के अनुसार, विमान रनवे से फिसल गया और संतुलन खो बैठा। हाईवे पर गिरते ही विमान ने वहां चल रहे लगभग 15 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतकों में विमान के चालक दल के कितने सदस्य शामिल हैं और कितने आम राहगीर थे।
सड़क पर बिखरे नोट, लूटने के लिए उमड़ी भीड़
स्थिति उस समय और भी विचित्र हो गई जब यह जानकारी सामने आई कि यह सैन्य विमान केंद्रीय बैंक से नए छपे नोटों की बड़ी खेप दूसरे शहरों तक पहुंचाने के लिए ले जा रहा था। हादसे के बाद विमान का मलबा हाईवे पर बिखर गया और उसके साथ ही लाखों की नकदी भी सड़क पर फैल गई।
घटनास्थल पर राहत कार्य में मदद करने के बजाय सैकड़ों लोग बिखरे हुए नोटों को इकट्ठा करने के लिए मौके पर टूट पड़े। हालात इतने बेकाबू हो गए कि पुलिस को भीड़ को हटाने और नकदी की लूट को रोकने के लिए सख्ती करनी पड़ी।
फायरफाइटर्स ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद विमान में लगी आग पर काबू पा लिया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।






