चंडीगढ़, 28 फरवरी 2026: बढ़ती गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव करने का अहम फैसला लिया है। पंजाब सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार नया स्कूल समय 1 मार्च से 31 मार्च 2026 तक लागू रहेगा।
जारी आदेशों के मुताबिक, राज्य के सभी प्राइमरी स्कूल अब सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक संचालित होंगे। वहीं मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों का समय सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:50 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं। विभाग की ओर से स्पष्ट चेतावनी भी दी गई है कि स्कूल समय की पालना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार का यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है ताकि बढ़ते तापमान के बीच बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नए समय को लेकर संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।






