लुधियाना, 26 फरवरी 2026: पंजाब में पंजाबी गायकों और कारोबारियों को गैंगस्टरों द्वारा दी जा रही धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पंजाबी गायक और अभिनेता परमीश वर्मा से जुड़ा सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, परमीश वर्मा के एक करीबी कारोबारी साथी को विदेशी नंबर से धमकी भरी कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया और 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। आरोपी ने चेतावनी दी कि यदि उसकी मांग पूरी नहीं की गई तो परमीश वर्मा, उनके साथी और परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
इस मामले में शिकायतकर्ता हरविंदर सिंह की शिकायत पर लुधियाना के थाना सराभा नगर पुलिस ने आरोपी हैरी बॉक्सर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि विदेशी नंबर की जांच की जा रही है और संबंधित एजेंसियों की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पंजाब में हाल के दिनों में कलाकारों और व्यापारियों को मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






