तरनतारन, 25 फरवरी 2026: पंजाब के तरनतारन में आम आदमी पार्टी के सरपंच हरभिंदर सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ में घायल कर दिया। जवाबी फायरिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को सिद्धू फार्म में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान सरपंच हरभिंदर सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने आरोपियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
रिपोर्टों के अनुसार, जलोके गांव (कोट बुद्धा के पास) के हथड़ क्षेत्र में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद मौके से दो पिस्तौल भी बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में सदर पट्टी थाने में नया मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ जिला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।






