धूरी निवासी केवल आधार कार्ड और वोटर आईडी के साथ मौके पर करवा सकते हैं पंजीकरण: ऋषभ बंसल
धूरी, 25 फरवरी, 2026: पंजाब सरकार द्वारा लोगों को बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत मुख्यमंत्री सहायता केंद्र, धूरी में एक विशेष पंजीकरण कैंप का आयोजन किया गया। धूरी निवासी बड़ी संख्या में इस कैंप का लाभ उठा रहे हैं और मौके पर ही अपना पंजीकरण करवा रहे हैं।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एसडीएम धूरी ऋषभ बंसल ने बताया कि पंजाब सरकार ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण प्रक्रिया को अत्यंत सरल बना दिया है। उन्होंने कहा कि अब किसी भी पात्र नागरिक को लंबी कतारों या अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। व्यक्ति केवल आधार कार्ड और पंजाब वोटर आईडी के साथ मौके पर ही अपना नाम दर्ज करवा सकता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फील्ड अधिकारी अरविंद कुमार भी उपस्थित थे।
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य राज्य के हर परिवार को महंगे इलाज के आर्थिक बोझ से बचाना है। कई बार गंभीर बीमारियों के इलाज के कारण परिवारों को बड़ी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस योजना के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी परिवार स्वास्थ्य देखभाल की कमी के कारण परेशान न हो।
ऋषभ बंसल ने आगे बताया कि विशेष कैंपों के आयोजन के साथ-साथ सरकार द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि योजना की पूरी जानकारी लोगों तक पहुँच सके। उन्होंने कहा कि स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और त्वरित सेवा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने धूरी वासियों से अपील की कि वे इस कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार इस जन-कल्याणकारी योजना से वंचित न रहे।






