अंकारा/बालिकेसिर, 25 फरवरी 2026: तुर्की में बुधवार तड़के एक सैन्य F-16 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा बालिकेसिर में बर्सा-इज़मिर हाईवे पर हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, तुर्की वायु सेना का F-16 फाइटर जेट 9वें मेन जेट बेस कमांड से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद रडार और रेडियो संपर्क से गायब हो गया। इसके तुरंत बाद विमान हाईवे पर क्रैश हो गया और जोरदार धमाके के साथ आग के गोले में तब्दील हो गया।
इस दुर्घटना में पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। तकनीकी खराबी, मौसम और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।






