टोहाना, 22 फरवरी, 2026: हरियाणा के टोहाना शहर में उस समय एक बड़ा हादसा टल गया जब पंजाब के लुधियाना से राजस्थान स्थित खाटूश्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रही एक टूरिस्ट बस शहीद चौक पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा करीब रात 2:50 बजे हुआ, जब बस चौक के चौराहे पर चढ़ गई।
गनीमत रही कि बस में सवार 60 से अधिक यात्रियों में से कोई भी घायल नहीं हुआ। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बाद में क्रेन की सहायता से बस को चौराहे से नीचे उतारा गया।
बस में महिलाएं और बच्चे भी थे सवार
बस में सवार यात्रियों के अनुसार हादसा चालक को नींद आने के कारण हुआ बताया जा रहा है। लुधियाना निवासी नरेश जैन और अमन ने जानकारी देते हुए बताया कि वे सभी पंजाब के लुधियाना से राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि जब यह हादसा हुआ, उस समय बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक चालक को नींद आने से बस शहीद चौक के पास अनियंत्रित होकर चढ़ गई। बस में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।






