जालंधर, 22 फरवरी 2026: जालंधर में मानव अधिकार परिषद (भारत) की राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती राजपूत को विदेशी नंबर से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उन्हें राजनीति से दूर रहने की चेतावनी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना के बाद आरती राजपूत ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
आरती राजपूत ने बताया कि बीती रात उन्हें एक विदेशी नंबर से फोन कॉल आई। कॉल करने वाले ने पहले उनका नाम पूछा और फिर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। आरोपी ने कहा कि वह इन दिनों कई इंटरव्यू दे रही हैं और सड़कों के बंद होने को लेकर चिंता जाहिर कर रही हैं।
धमकी देते हुए कॉलर ने कहा, “तुम्हें राजनीति का बहुत शौक है। हम तुम्हें देख लेंगे और आने वाले दिनों में तुम्हें पता चल जाएगा कि मैं कौन हूं।” जब आरती राजपूत ने फोन करने वाले की पहचान पूछी तो उसने जल्द ही पहचान सामने आने की बात कहकर फोन काट दिया।
आरती राजपूत के अनुसार, दो दिन पहले सरकार द्वारा श्री राम चौक और कंपनी बाग चौक पर आयोजित एक कार्यक्रम के कारण सड़कें बंद कर दी गई थीं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम, डिप्टी कमिश्नर और जालंधर पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी।
उन्होंने आशंका जताई है कि यह कॉल उन्हें डराने और शिकायत वापस लेने के लिए की गई है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस तरह की धमकियों से डरने वाली नहीं हैं और मामले में उचित कार्रवाई करवाई जाएगी। उन्होंने पुलिस को कॉल करने वाले का फोन नंबर और संबंधित वीडियो भी सौंप दिया है।






