बरनाला, 20 फरवरी 2026: रेल मंत्रालय द्वारा पहले किए गए ऐलान के अनुसार भारतीय रेल की वंदे भारत एक्सप्रेस अब पंजाब के बरनाला रेलवे स्टेशन पर आज से रुकना शुरू कर देगी। इस ट्रेन का बरनाला स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव होगा।
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने वीडियो संदेश में बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर कैंट–दिल्ली जंक्शन–फिरोजपुर कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को बरनाला (BNN) स्टेशन पर स्टॉपेज देने का फैसला लिया गया है। यह मांग लंबे समय से इलाके के लोगों द्वारा की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने बताया कि 20 फरवरी से जब वंदे भारत एक्सप्रेस फिरोजपुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी, तो सुबह बरनाला स्टेशन पर दो मिनट के लिए रुकेगी। इसी तरह शाम को दिल्ली से वापसी के दौरान भी ट्रेन बरनाला स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव करेगी।
ट्रेन नंबर 26462 फिरोजपुर कैंट–दिल्ली जंक्शन वंदे भारत एक्सप्रेस बठिंडा में सुबह 9:10 बजे पहुंचेगी और 9:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन बरनाला स्टेशन पर सुबह 9:59 बजे पहुंचेगी और 10:01 बजे प्रस्थान करेगी। फिर यह धूरी जंक्शन पर सुबह 10:24 बजे पहुंचेगी और 10:26 बजे रवाना होगी।
वहीं ट्रेन नंबर 26461 दिल्ली जंक्शन–फिरोजपुर कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस धूरी जंक्शन पर शाम 7:56 बजे पहुंचेगी और 7:58 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह बरनाला स्टेशन पर रात 8:20 बजे पहुंचेगी और 8:22 बजे रवाना होगी। फिर बठिंडा में रात 9:15 बजे पहुंचेगी और 9:20 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह स्टॉपेज प्रायोगिक तौर पर दिया गया है। इसे स्थायी बनाए जाने का फैसला यात्रियों की संख्या और उनके फीडबैक के आधार पर लिया जाएगा। इस निर्णय से बरनाला और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राहत मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और उद्योग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।






