मोगा, 19 फरवरी 2026: मोगा के गांव धल्लेके में बीती देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक बेकाबू स्कॉर्पियो गाड़ी घर में बनी किराने की दुकान में जा घुसी। इस हादसे में 22 वर्षीय युवक सुखबीर सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे सुखबीर सिंह दुकान से दूध लेने गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक बेकाबू होकर उसे टक्कर मारते हुए दुकान के अंदर जा घुसी और पलट गई। हादसे के समय गाड़ी में पांच युवक सवार थे।
घटना के बाद चार युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार युवक शराब के नशे में थे। पकड़ा गया युवक गांव खोसा रणधीर का निवासी है।
घायल अवस्था में सुखबीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई लखबीर सिंह ने बताया कि सुखबीर सैलून का काम करता था। वह विवाहित था और उसका तीन साल का बेटा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।






