HomeHaryanaतिलहन उत्पादन बढ़ाना वर्तमान समय की आवश्यकता : पूर्व विधायक दुड़ाराम

तिलहन उत्पादन बढ़ाना वर्तमान समय की आवश्यकता : पूर्व विधायक दुड़ाराम


राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन योजना के तहत जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित
किसान मेले में एग्री स्टैक पंजीकरण करने के लिए किसानों को किया गया प्रेरित

फ़तेहाबाद , 18 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा): राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन योजना के अंतर्गत लघु सचिवालय के नजदीक स्थित डीपीआरसी हॉल में डीसी डॉ. विवेक भारती के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक दुड़ाराम ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर मेले का शुभारंभ किया। मेले का उद्देश्य किसानों को तिलहन फसलों के उत्पादन, उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक खेती पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक दुड़ाराम तथा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने विभिन्न विभागों एवं कृषि कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में उन्नत बीज, उर्वरक, आधुनिक कृषि यंत्रों तथा फसल सुरक्षा से संबंधित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों को नई तकनीकों एवं उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दुड़ाराम ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि तिलहन उत्पादन बढ़ाना समय की आवश्यकता है, जिससे देश खाद्य तेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक उपकरणों तथा वैज्ञानिक खेती पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे उत्पादन लागत घटेगी और आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
उपनिदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने बताया कि किसानों को अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए पारंपरिक खेती के साथ तिलहन फसलों को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए किसानों से एग्री स्टैक परियोजना के तहत पंजीकरण कर किसान आईडी बनवाने की अपील की, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सीधे खातों में प्राप्त हो सके।
मेले में पशुपालन एवं डेयरी विभाग, उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने विभिन्न योजनाओं एवं तकनीकों की जानकारी दी। पशुधन बीमा योजना, पशु किसान क्रेडिट कार्ड, बागवानी प्रोत्साहन योजनाएं, मत्स्य पालन योजनाएं, प्राकृतिक खेती, मृदा संरक्षण तथा कृषि यंत्रों पर अनुदान से संबंधित विस्तृत जानकारी किसानों को प्रदान की गई।
जिला स्तरीय किसान मेले में सैंकड़ो किसानों ने भाग लिया और प्रदर्शनी का लाभ उठाया। कृषि विकास अधिकारी राहुल चौहान ने मंच संचालन किया तथा उपनिदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने मुख्य अतिथि, अधिकारियों एवं उपस्थित किसानों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने किसानों को हर संभव तकनीकी सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान करने की प्रतिबद्धता जताई।
फोटो : स्थानीय डीपीआरसी हॉल में जिला स्तरीय किसान मेला का उद्घाटन कर उपस्थित जन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक दुड़ाराम।
किसान मेला एवं प्रदर्शनी के दौरान कृषि उत्पादों व कृषि यंत्रों का अवलोकन कर जानकारी लेते हुए पूर्व विधायक दुड़ाराम।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments