वर्धा (महाराष्ट्र) , 17 फरवरी 2026: महाराष्ट्र के वर्धा जिले में आज सुबह उस समय दहशत फैल गई जब नई दिल्ली–चेन्नई ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस (जीटी एक्सप्रेस) के एक कोच में अचानक आग लग गई। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि रेलवे की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा रेल हादसा टल गया और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
ट्रेन नंबर 12616 नई दिल्ली–चेन्नई जीटी एक्सप्रेस नागपुर से रवाना होने के बाद वर्धा जिले के सिंदी–तुलजापुर सेक्शन पर लगभग सुबह 11:09 बजे पहुंची, तभी आखिरी गार्ड के कोच से काला धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। धुआं फैलते ही यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और अलार्म बजाकर ट्रेन को तुरंत इमरजेंसी में रोक दिया गया।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित कोच को अन्य डिब्बों से अलग कर दिया ताकि आग को फैलने से रोका जा सके। फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया और यात्रियों को सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित कोच में मौजूद सभी यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। तकनीकी विशेषज्ञ जांच कर रहे हैं कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या किसी अन्य तकनीकी खराबी की वजह से।






