कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने महात्मा बुद्ध इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिक समारोह में की शिरकत
टोहाना, 16 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : महात्मा बुद्ध इंटरनेशनल स्कूल में प्रथम वार्षिक समारोह “प्रज्ञा उत्सव” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया और कक्षाओं में स्थापित डिजिटल बोर्ड, आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों, खेल सुविधाओं तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किए गए उत्कृष्ट प्रबंधों की सराहना की।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण बेदी ने कहा कि स्थापना के प्रथम वर्ष में ही इस प्रकार की उपलब्धियाँ प्राप्त करना विद्यालय प्रबंधन की दूरदर्शिता और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने विशेष रूप से एआई आधारित शिक्षण प्रणाली, डिजिटल बोर्ड एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह व्यवस्था विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकता है, परंतु संस्कारवान बनना सबसे अधिक आवश्यक है। संस्कार माता-पिता और विद्यालय—दोनों से मिलते हैं। आज के दौर में मोबाइल और इंटरनेट की बढ़ती व्यस्तताओं के कारण कई बार बच्चों को पर्याप्त मार्गदर्शन नहीं मिल पाता, ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। शिक्षक न केवल ज्ञान प्रदान करें, बल्कि विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों और अनुशासन से भी जोड़ें, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बन सकें।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विद्यालय महात्मा बुद्ध के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, जो अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही है और प्रदेश को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना कर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ किया जा रहा है। सरकार व्यापारी, कर्मचारी, युवा एवं मातृशक्ति सहित सभी वर्गों के साथ विश्वास के आधार पर “सबका साथ, सबका विकास” की भावना से कार्य कर रही है।
विद्यालय के चेयरमैन कुलदीप नैन ने कहा कि महात्मा बुद्ध इंटरनेशनल स्कूल केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि शिक्षा का एक सकारात्मक आंदोलन है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, आत्मविश्वास और जीवन मूल्यों से समृद्ध बनाना है।
इस अवसर पर कुलदीप नैन, बलवान सिंह चौहान, बलकार बेनीवाल, राजीव, दीपक, जगतार सिंह संधू, टोहाना रत्न डॉ. शिव सचदेवा, नप चेयरमैन नरेश बंसल, बलदेव सैनी, सेवानिवृत्त डीईओ दयानंद सिहाग, बीईओ जगदीश शेवड़ा, सेवानिवृत्त बीईओ रघुवीर नैन, प्रधानाचार्य सुनील बंसल सहित क्षेत्र के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यगण एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।






