इस्लामाबाद, 17 फरवरी 2026: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान की बिगड़ती सेहत को लेकर पांच टेस्ट खेलने वाले देशों के 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से जेल में बेहतर चिकित्सा सुविधा और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने की अपील की है।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान Greg Chappell द्वारा तैयार याचिका मंगलवार को प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ को सौंपी गई। इस पत्र पर भारत के दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत कई पूर्व कप्तानों के हस्ताक्षर हैं।
पूर्व कप्तानों ने रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद इमरान खान की गिरती सेहत, विशेषकर उनकी दृष्टि में गंभीर कमी की खबरों पर चिंता जताई है और उन्हें तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज, परिवार से नियमित मुलाकात तथा निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया की सुविधा देने की मांग की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगस्त 2023 से अपनी पत्नी बुशरा बीबी के साथ जेल में बंद इमरान खान की सजा विभिन्न भ्रष्टाचार मामलों में कुल 31 वर्ष तक पहुंच चुकी है।






