फिरोजपुर 16 फरवरी 2026 : फिरोजपुर के कुलगढ़ी गांव में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां महज सात घंटे के भीतर दो सगे भाइयों की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव के 71 वर्षीय राजवंत सिंह संधू को सुबह करीब 8 बजे अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बड़े भाई की अचानक मृत्यु से 69 वर्षीय छोटे भाई भगवंत सिंह संधू गहरे सदमे में आ गए।
दोपहर में राजवंत सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के बाद जब परिवार घर लौटा, तो भगवंत सिंह अपने बड़े भाई के कमरे में जाकर उसी बिस्तर पर लेट गए, जहां सुबह उनके भाई ने अंतिम सांस ली थी। बताया जा रहा है कि बड़े भाई के निधन का सदमा वह सहन नहीं कर पाए।
करीब तीन बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें भी दिल का दौरा पड़ा। परिवार के संभलने से पहले ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक, महज सात घंटे में संधू परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीण इसे दोनों भाइयों के गहरे प्रेम का प्रतीक बता रहे हैं।






