रुद्रप्रयाग, 15 फरवरी 2026: उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वैदिक रीति-रिवाजों और पंचांग गणनाओं के बाद पंच केदार की गद्दीस्थली ओंकारेश्वर मंदिर में कपाट खुलने के शुभ मुहूर्त की औपचारिक घोषणा की गई।
बताया जा रहा है कि इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट वृषभ लग्न में खोले जाएंगे, जिसे धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत शुभ माना जाता है।
गौरतलब है कि इस बार केदारनाथ यात्रा पिछले वर्ष की तुलना में पहले शुरू हो रही है। वर्ष 2025 में धाम के कपाट 2 मई को खोले गए थे, जबकि इस वर्ष श्रद्धालु 22 अप्रैल से ही बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। यानी इस बार भक्तों को करीब 10 दिन पहले ही दर्शन का अवसर प्राप्त होगा।






