पटियाला, 15 फरवरी 2026 (मनोज वर्मा): शहर की गुरबख्श कॉलोनी स्थित एक कपड़ों के शोरूम में अचानक आग लगने से भारी नुकसान होने का मामला सामने आया है। यह घटना पेट्रोल पंप के बिल्कुल नजदीक स्थित मित्तल गारमेंट शोरूम में हुई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
शोरूम के मालिक संजीव मित्तल के अनुसार, आग लगने से दुकान में रखा कपड़ा और फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करीब 3 से 4 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पेट्रोल पंप के पास आग लगने के कारण स्थिति काफी गंभीर बनी हुई थी, लेकिन दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया और किसी बड़े हादसे को टाल दिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।






