लुधियाना, 11 फरवरी 2026 : लुधियाना से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, मशहूर पंजाबी स्टेज गायक अमन सहोता पर कुछ अज्ञात युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि अमन सहोता किसी निजी काम से अंबेडकर नगर गए हुए थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और अचानक उन पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
हमले में अमन सहोता को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और गायक के प्रशंसकों में चिंता का माहौल है।
फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह पुरानी रंजिश का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






