कुरुक्षेत्र, 9 फरवरी 2026: कुरुक्षेत्र के केडीबी मेला ग्राउंड में चल रहे 41वें पशु मेले में ‘विधायक जी’ नाम का भैंसा लोगों के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। वीआईपी लाइफस्टाइल और शानदार कद-काठी के कारण यह भैंसा हर किसी का ध्यान खींच रहा है। साढ़े चार साल उम्र के मुर्रा नस्ल के इस भैंसा की लंबाई करीब 14 फीट और ऊंचाई साढ़े पांच फीट है, जबकि इसका चमकदार काला शरीर दर्शकों को हैरान कर रहा है।
यह भैंसा पानीपत निवासी पद्मश्री नरेंद्र सिंह डिडवारी का है। नरेंद्र सिंह का कहना है कि ‘विधायक जी’ की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी जा सकती है, हालांकि वे इसे बेचने के इच्छुक नहीं हैं। पशु मेले में ‘विधायक जी’ ने मुर्रा बाल श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर 51 हजार रुपये का इनाम जीता, वहीं ब्रीड चैंपियन का खिताब भी अपने नाम करते हुए 2.50 लाख रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया।
‘विधायक जी’ कोई साधारण भैंसा नहीं है। यह मशहूर भैंसा ‘गोलू’ का पोता और ‘गोलू-2’ का बेटा है, जिसने कई राष्ट्रीय पशु मेलों में अपनी पहचान बनाई है। करीब दो साल की उम्र से ही यह भैंसा विभिन्न पशु मेलों में हिस्सा ले रहा है और अब तक 21 मेलों में पुरस्कार जीत चुका है, जबकि कई प्रतियोगिताओं में दूसरे स्थान पर भी रहा है।
भैंसा की देखभाल भी बेहद खास तरीके से की जाती है। फार्म पर इसके लिए अलग से स्विमिंग पूल बनाया गया है। रोजाना सरसों के तेल से मालिश की जाती है। मौसम के अनुसार गर्मियों में इसे एयर कंडीशंड कमरे में और सर्दियों में गर्म कमरे में रखा जाता है। मेलों में ले जाने के लिए विशेष एयर कंडीशंड वाहन की व्यवस्था की गई है। ‘विधायक जी’ प्रतिदिन करीब 10 किलोग्राम फीड लेता है, जिसमें मुख्य रूप से चना और गेहूं शामिल हैं।






