लंदन, 9 फरवरी 2026: ब्रिटेन के मीडिया नियामक ऑफकॉम (Ofcom) ने भारतीय मूल के दर्शकों में लोकप्रिय सैटेलाइट चैनल एम.ए.टी.वी. (MATV) का प्रसारण लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। यह कार्रवाई लाइसेंस की शर्तों के गंभीर उल्लंघन और संपादकीय नियंत्रण की कमी पाए जाने के बाद की गई है।
ऑफकॉम द्वारा अगस्त 2024 से की जा रही जांच में कई अहम खुलासे हुए। जांच में पाया गया कि चैनल का लाइसेंस मिडलसेक्स ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (MBCL) के नाम पर था, लेकिन वास्तविक संपादकीय नियंत्रण उनके पास नहीं था। इसके अलावा, MATV ब्रॉडकास्टिंग लिमिटेड बिना ऑफकॉम की अनुमति के प्रसारण सेवाएं चला रही थी, जो कि ब्रॉडकास्टिंग एक्ट 1990 के तहत एक दंडनीय अपराध है।
ऑफकॉम ने यह भी बताया कि चैनल हिंदी, पंजाबी, गुजराती, उर्दू और अंग्रेजी भाषाओं में कार्यक्रम प्रसारित करता था। जांच के दौरान चैनल के संपर्क व्यक्ति कुलदीप सिंह शेखावत के राजनीतिक संबंध भी सामने आए। शेखावत Overseas Friends of BJP (OFBJP) UK के अध्यक्ष हैं। यूके के कानून के अनुसार, किसी राजनीतिक संगठन से जुड़े व्यक्ति को प्रसारण लाइसेंस रखने की अनुमति नहीं है, जिसे इस कार्रवाई का एक प्रमुख आधार माना गया।
वहीं, कुलदीप सिंह शेखावत ने ऑफकॉम के फैसले को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए खारिज किया है। उनका कहना है कि OFBJP कोई राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि भारतीय मूल के लोगों की सहायता करने वाला एक सामाजिक संगठन है। उन्होंने दावा किया कि यह फैसला गलत है और चैनल को दोबारा शुरू करने के लिए कानूनी विकल्प अपनाए जाएंगे।
एम.ए.टी.वी. लंबे समय से ब्रिटेन में बसे भारतीय समुदाय के लिए मनोरंजन और खबरों का एक अहम माध्यम रहा है। लाइसेंस रद्द होने से हजारों दर्शक प्रभावित होंगे। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या चैनल प्रबंधन अदालत के जरिए इस फैसले को चुनौती देकर राहत हासिल कर पाता है या नहीं।






