लुधियाना, 08 फरवरी 2026: लुधियाना के जेल रोड स्थित जामा मस्जिद के बाहर शाही इमाम पंजाब समेत तीन लोगों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी, मस्जिद कार्यालय प्रबंधक और एक अन्य व्यक्ति पर ईंटों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह हमला मस्जिद परिसर में बनी दुकानों को लेकर चल रहे विवाद के कारण हुआ। थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान उबैद-उर-रहमान, उसके बेटे अतीक-उर-रहमान और मोहम्मद अहमद के रूप में हुई है।
इस मामले में शिकायत मस्जिद कार्यालय इंचार्ज मोहम्मद मुजाहिद ने दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि जामा मस्जिद का नवीनीकरण कार्य चल रहा है, जिसकी निगरानी स्वयं शाही इमाम कर रहे हैं। एक फरवरी को जब शाही इमाम मस्जिद पहुंचे तो आरोपी वहां आए और गाली-गलौज करने लगे, जिसके बाद उन्होंने ईंटों से हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, जब बीच-बचाव करने के लिए मोहम्मद मुजाहिद और शाह नवाज आगे आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।






