HomePunjabसमराला में शादी समारोह के दौरान बड़ी चोरी

समराला में शादी समारोह के दौरान बड़ी चोरी

दूल्हे की मां का पर्स लेकर फरार हुआ संदिग्ध वेटर, करीब 20 लाख के नुकसान का दावा

समराला/लुधियाना, 7 फरवरी 2026: समराला के पास घुलाल टोल प्लाजा के नजदीक स्थित रॉयल कैसल मैरिज पैलेस में शादी समारोह के दौरान एक गंभीर चोरी की घटना सामने आई, जिससे खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। यह घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दूल्हे की माता जसवीर कौर के पर्स से लाखों रुपये के कीमती गहने, बड़ी मात्रा में नकदी, शगुन के लिफाफे और एक आईफोन चोरी हो गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मैरिज पैलेस में काम कर रहे एक वेटर ने पर्स चोरी किया और मौके से फरार हो गया।

दूल्हे की मां ने बताया कि शादी समारोह के दौरान उन्होंने अपना पर्स अपने पास ही संभालकर रखा हुआ था, जिसमें सोने के कीमती गहने, लाखों रुपये नकद, शगुन के कई लिफाफे और मोबाइल फोन मौजूद थे। कुछ समय बाद जब उन्होंने पर्स की जांच की तो वह गायब मिला। इसके बाद तुरंत रिश्तेदारों और मैरिज पैलेस के कर्मचारियों से पूछताछ की गई, जिसमें एक वेटर पर शक जताया गया।

परिवार और रिश्तेदारों के अनुसार इस चोरी में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आरोप लगाया गया कि घटना के बाद मैरिज पैलेस प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारियों ने पीड़ित परिवार से बदतमीजी की, जिससे रोष और बढ़ गया।

पीड़ित परिवार ने बताया कि पुलिस को तुरंत सूचना दी गई, लेकिन एक घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे परिवार और रिश्तेदारों में नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि शादी जैसे खुशी के मौके पर हुई इस वारदात ने पूरे कार्यक्रम की खुशियों को फीका कर दिया।

बाद में समराला पुलिस के एसएचओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसएचओ ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और मैरिज पैलेस के स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि चोरी गए सामान की कीमत को लेकर पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

वहीं मैरिज पैलेस से जुड़े नव नामक व्यक्ति ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज पीड़ित परिवार को दिखाई जा रही है और जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। उनके अनुसार सभी वेटर और स्टाफ को रोककर पूछताछ की गई है ताकि जांच में कोई बाधा न आए।

घटना के बाद मैरिज पैलेस में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने मांग की कि भीड़भाड़ वाले शादी समारोहों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और जल्द न्याय की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments