चंडीगढ़, 7 फरवरी 2026: डेरा बाबा नानक में आम आदमी पार्टी (आप) को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब विधायक गुरदीप सिंह रंधावा की अगुवाई में सैकड़ों अकाली दल और कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता अपनी-अपनी पार्टियां छोड़कर ‘आप’ में शामिल हो गए।
विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन नई जॉइनिंग्स से न केवल डेरा बाबा नानक बल्कि पूरे क्षेत्र में आम आदमी पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।
रंधावा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहितैषी नीतियों और विकास कार्यों से लोग बेहद संतुष्ट हैं। इसी का परिणाम है कि विरोधी दलों के नेता और कार्यकर्ता लगातार ‘आप’ से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में पार्टी में और भी बड़ी राजनीतिक जॉइनिंग्स देखने को मिलेंगी।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा दावा करते हुए गुरदीप सिंह रंधावा ने कहा कि प्रदेश की जनता का रुझान पूरी तरह आम आदमी पार्टी की ओर है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में ‘आप’ अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए 100 से अधिक सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।






