वॉशिंगटन, 4 फरवरी 2026: दुनिया के सबसे प्रभावशाली अखबारों में शामिल वॉशिंगटन पोस्ट ने गंभीर वित्तीय संकट के चलते अपने स्टाफ में बड़ी कटौती करने का निर्णय लिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, भारी घाटे के कारण प्रबंधन लगभग 30 प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की तैयारी में है।
इस छंटनी का सबसे अधिक असर न्यूजरूम पर पड़ेगा। कुल करीब 800 पत्रकारों में से 300 से अधिक की छुट्टी होने की आशंका है। खेल, स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय समाचार विभाग सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे, जबकि संपादकीय के साथ-साथ व्यावसायिक विभागों के कर्मचारियों पर भी इसका असर पड़ेगा।
अखबार के मालिक और अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस के लिए इसे एक बड़ा झटका माना जा रहा है। कार्यकारी संपादक मैट मरे ने स्वीकार किया कि संस्थान लंबे समय से घाटे में चल रहा है और पाठकों की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप खुद को ढालने में विफल रहा है। छंटनी के बाद अखबार अपनी कवरेज सीमित कर राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर ही फोकस करेगा।






