गोराया, 5 फरवरी 2026: जालंधर जिले में अवैध शराब बनाने और बेचने के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। गोराया पुलिस ने गांव रुड़का कलां स्थित एक हवेली पर छापा मारकर अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
एसएचओ गोराया सिकंदर सिंह विर्क ने बताया कि एएसआई सुरिंदर मोहन ने पुलिस टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर पट्टी रावल (रुड़का कलां) में बहादर सिंह और सुखदेव सिंह की हवेली पर छापा मारा। पुलिस ने सुखदेव सिंह और उसके साथी कर्मचारी नथू (बिहार निवासी) को गिरफ्तार किया है, जबकि बहादर सिंह मौके से फरार हो गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 हजार लीटर कच्चा माल, करीब 1 लाख मिलीलीटर अवैध शराब, चालू हालत में डिस्टिलरी उपकरण, गैस सिलेंडर, डिस्टिलरी टब, गैस भट्टी और चार ड्रम बरामद किए। एसएचओ विर्क ने बताया कि आरोपियों ने हवेली के आंगन में विशेष बंकर बनाए हुए थे, जहां से बोतलों के जरिए शराब निकाली जाती थी।
जांच में सामने आया है कि सुखदेव सिंह के खिलाफ पहले से छह मामले दर्ज हैं, जबकि फरार आरोपी बहादर सिंह पर तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।






