मुकेरियां, 3 फरवरी 2026: बीती रात मुकेरियां के नेशनल हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कूटी और वेन्यू कार की जोरदार टक्कर में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि चारों युवकों को बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक एक पैलेस में काम करते थे और देर रात काम खत्म कर स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। स्कूटी पर सवार चार युवकों में से दो प्रवासी मजदूर भी शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुकेरियां चुंगी के पास एक वेन्यू कार ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी सवार युवक सड़क किनारे खड़े वाहन से जा टकराए, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में से दो की पहचान सुखविंदर सिंह और नरिंदर कुमार के रूप में हुई है, जबकि अन्य दो प्रवासी युवक विवेक साहू और मिथुन मंडल बताए जा रहे हैं, जो दरभंगा, बिहार के रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही मुकेरियां पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।






