मालेरकोटला, 3 फरवरी 2026: कैबिनेट मंत्री पशुपालन गुरमीत सिंह खुड्डियां के निर्देशों और डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन विभाग डॉ. सुखविंदर सिंह के मार्गदर्शन में जिले भर में गौधन को लंपी स्किन रोग से बचाने के लिए मुफ्त टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का शुभारंभ स्थानीय गौशाला से किया गया।
सीनियर वेटरनरी अधिकारी पशुपालन विभाग मालेरकोटला डॉ. सुखविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के तहत 2 फरवरी से 22 फरवरी तक जिले की कुल लगभग 36,000 गायों को गौशालाओं और घर-घर जाकर मुफ्त टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के 100 प्रतिशत गौधन का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए 16 टीमों का गठन किया गया है और प्रतिदिन लगभग 2,000 गायों को टीके लगाए जाएंगे।
डॉ. सुखविंदर सिंह ने बताया कि पंजाब में वर्ष 2022 के दौरान गायों में लंपी स्किन महामारी का प्रकोप देखा गया था, जिसकी रोकथाम के लिए पंजाब सरकार की ओर से सभी गायों को मुफ्त गोट पॉक्स वैक्सीन लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि लंपी स्किन रोग की पहचान और टीकाकरण शुरू होने के बाद से अब तक किसी भी गाय की मौत नहीं हुई है, जो इस अभियान की सफलता को दर्शाता है।
उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि इस टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए पशुपालन विभाग का पूरा सहयोग करें और विभाग द्वारा मांगी गई जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि टीकाकरण का पूरा रिकॉर्ड सरकारी पोर्टल पर दर्ज किया जा सके।
इस अवसर पर वेटरनरी अधिकारी डॉ. विक्रम कपूर और सीनियर वेटरनरी इंस्पेक्टर सुखराज प्रीत सिंह भी उपस्थित रहे।






