स्वास्थ्य मंत्री ने श्री गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों में की शिरकत
पटियाला, 1 फरवरी, 2026: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज श्री गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर पटियाला ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न गांवों और इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. बलबीर सिंह ने श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए कहा कि गुरु जी की शिक्षाएं अनंत काल तक समूची मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने मंत्री डॉ. बलबीर सिंह को सम्मानित भी किया।
गुरु रविदास मंदिर गांव लोट, दंदराला खरोड़, सिउना, गुरु रविदास भवन रणजीत नगर, गांव झिल्ल, गुरुद्वारा भगत धन्ना जी, नंदपुर केसो में आयोजित नगर कीर्तन, गांव बारन तथा फैक्ट्री एरिया में संगत द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरु जी की शिक्षाएं केवल पंजाब या भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी दुनिया और समूची मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं तथा सदैव नेकी, ईमानदारी और सेवा की प्रेरणा देती रहेंगी।
डॉ. बलबीर सिंह ने क्षेत्रवासियों से श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर सामाजिक कल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला ग्रामीण अध्यक्ष हरपाल सिंह विरक, जसबीर सिंह गांधी, सरपंच बलकार सिंह, केसर सिंह, नसीब सिंह, सुरजीत सिंह, तरसेम सिंह सोनी, राम सिंह और ज्ञान चंद सहित बड़ी संख्या में संगत एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






