तलवंडी साबो, 01 फरवरी 2026: तलवंडी साबो के एक मोहल्ले में देर रात पति-पत्नी की संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों की पहचान मेहरमिया समुदाय से संबंध रखने वाले रमणदीप सिंह (31) और उनकी पत्नी मनजोत कौर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। परिजनों द्वारा दोनों को तुरंत शहीद बाबा दीप सिंह सिविल अस्पताल तलवंडी साबो ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनजोत कौर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद इलाज के दौरान रमणदीप सिंह ने भी दम तोड़ दिया।
सुबह घटना की सूचना मिलते ही तलवंडी साबो पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पति-पत्नी की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम और अन्य जांच के आधार पर मौत की असल वजह सामने आने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि रमणदीप सिंह और मनजोत कौर का विवाह करीब 11 महीने पहले ही हुआ था। एक साथ दो मौतों से इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग इस रहस्यमयी घटना को लेकर स्तब्ध हैं।






