मुल्लांपुर दाखा, 31 जनवरी 2026: लुधियाना में एक पुलिस कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अनेज मसीह के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 24–25 वर्ष बताई जा रही है। अनेज हाल ही में अपने पिता की जगह पुलिस सेवा में नियुक्त हुए थे।
जानकारी के अनुसार, अनेज मसीह लुधियाना–फिरोजपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक लग्जरी कार शोरूम में तैनात थे। शोरूम मालिक को गैंगस्टरों से धमकियां मिलने के बाद 16 जनवरी को वहां पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी, जिसके तहत अनेज मसीह भी अन्य पुलिस कर्मियों के साथ ड्यूटी पर तैनात थे।
आज सुबह ड्यूटी के दौरान उनकी सरकारी राइफल से गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना आत्महत्या है या गलती से गोली चलने के कारण हुई। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।






