इस्लामाबाद, 31 जनवरी 2026: पाकिस्तान सरकार ने सात भारतीय नागरिकों को रिहा कर उन्हें भारत वापस भेजने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गृह विभाग द्वारा जारी किया गया है। आदेश के अनुसार सभी भारतीय कैदियों को 31 जनवरी को लाहौर स्थित अटारी–वाघा सीमा के रास्ते भारत को सौंपा जाएगा।
दस्तावेज़ के मुताबिक यह फैसला पाकिस्तान के गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल मंत्रालय, इस्लामाबाद द्वारा संयुक्त रूप से लिया गया है। भारत सरकार द्वारा इन कैदियों की नागरिकता की पुष्टि कर दी गई है और सभी अपनी सजा पूरी कर चुके हैं।
रिहा किए जाने वाले भारतीय कैदियों में चंदर सिंह उर्फ छिंदर सिंह, गुरमीत सिंह उर्फ गुरमेज सिंह, जोगिंदर सिंह, हरविंदर सिंह, विशाल, रतन पाल और सुनील आदे उर्फ प्रसंजीत शामिल हैं। ये सभी इस समय लाहौर की केंद्रीय जेल में बंद थे।
आदेश में जेल प्रशासन को सभी कानूनी और दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने तथा कैदियों को कड़ी सुरक्षा के बीच वाघा सीमा तक लाने के निर्देश दिए गए हैं, जहां उन्हें इमिग्रेशन अधिकारियों के हवाले किया जाएगा।
इस फैसले को मानवीय आधार पर उठाया गया कदम माना जा रहा है, जिससे भारत और पाकिस्तान के बीच सकारात्मक संदेश जाने की उम्मीद जताई जा रही है।






