अमृतसर, 28 जनवरी 2026: श्री दरबार साहिब के पवित्र सरोवर में वज़ू कर बेअदबी करने के मामले में गिरफ्तार किए गए युवक सुभान रंगरेज़ को आज अमृतसर पुलिस द्वारा अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने सुभान रंगरेज़ को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
गौरतलब है कि सुभान रंगरेज़ ने श्री हरिमंदर साहिब के पवित्र सरोवर में वज़ू किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के संज्ञान में आया। इसके बाद SGPC और सिख संगतों की ओर से इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। सिख संगतों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी।
विवाद बढ़ने के बाद सुभान रंगरेज़ ने इस कृत्य के लिए माफी भी मांगी थी। हाल ही में पंजाब पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी।






