चंडीगढ़, 28 जनवरी 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि आदमपुर एयरपोर्ट का नाम संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया और उनका योगदान देश व समाज के लिए अमूल्य है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की धरती संतों, गुरुओं और महापुरुषों की भूमि रही है। श्री गुरु रविदास जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाती हैं। आदमपुर एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखने से न केवल उनके प्रति सम्मान प्रकट होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा मिलेगी।
सीएम मान ने कहा कि गुरु रविदास जी के अनुयायी देश-विदेश में फैले हुए हैं और उनके नाम पर एयरपोर्ट का नामकरण सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक सम्मान का प्रतीक बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मांग पर सकारात्मक विचार करेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और महान संतों व महापुरुषों की विरासत को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।






