नई दिल्ली, 26 जनवरी 2026: सैटेलाइट तस्वीरों में एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रूप से उत्तर भारत की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसका प्रभाव आज रात से शुरू होकर 27 जनवरी को चरम पर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस सिस्टम के चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में व्यापक मौसम बदलाव देखने को मिलेगा।
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 जनवरी को सुबह से लेकर देर रात तक दो से तीन दौर की मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण इन इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है, जहां अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में इस पश्चिमी विक्षोभ के असर से मध्यम से भारी बर्फबारी का नया दौर शुरू होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट के साथ जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और यात्रियों से पहाड़ी क्षेत्रों में सफर के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।






