मुंबई, 25 जनवरी 2026: अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। शुक्रवार को शानदार ओपनिंग के बाद फिल्म ने दूसरे दिन यानी शनिवार को कमाई में जबरदस्त उछाल दर्ज किया।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के अनुसार, फिल्म ने दूसरे दिन 26.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 40.59 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे पहले शुक्रवार को फिल्म ने 32.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दो दिनों में फिल्म की कुल घरेलू कमाई 72.69 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
फिल्म को दर्शकों से मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स का सीधा फायदा मास सर्किट्स में देखने को मिल रहा है, जहां कई सिनेमाघरों में शो लगभग हाउसफुल चल रहे हैं। बड़े शहरों, खासकर मुंबई में भी शनिवार को दर्शकों की संख्या में उल्लेखनीय इजाफा हुआ।
1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म थलसेना, नौसेना और वायुसेना की संयुक्त ताकत को दर्शाती है। ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल एक बार फिर सेना की वर्दी में नजर आ रहे हैं।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण गुलशन कुमार की टी-सीरीज़ ने जेपी दत्ता की जेपी फिल्म्स के साथ मिलकर किया है। रविवार और सोमवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी के चलते फिल्म की कमाई में और तेजी आने की उम्मीद है।






