100% मतदान के लिए जनजागरूकता का आह्वान
लखनऊ, 25 जनवरी 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज, रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर देश और राज्य के सभी मतदाताओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर देश और राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने मताधिकार के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय कर्तव्य भी है। यह जनभागीदारी का सबसे बड़ा पर्व है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “आपकी एक वोट देश के भविष्य, समाज की प्रगति और लोकतंत्र की मजबूती की नींव है।” उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आगामी चुनावों में अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें और 100 प्रतिशत मतदान का संकल्प लें।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर वर्ष 25 जनवरी को मनाया जाता है। यह दिन भारत के निर्वाचन आयोग की स्थापना के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।






