HomePunjabस्वर्ण मंदिर के पवित्र सरोवर में वजू करने के मामले में युवक...

स्वर्ण मंदिर के पवित्र सरोवर में वजू करने के मामले में युवक गिरफ्तार

सिख समुदाय में रोष बरकरार

अमृतसर, 24 जनवरी 2026: अमृतसर स्थित श्री हरिमंदर साहिब (स्वर्ण मंदिर) के पवित्र सरोवर में कथित तौर पर ‘वजू’ करने वाले युवक को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया पर माफी मांगने के बावजूद सिख समुदाय की नाराजगी कम नहीं हुई है। अब इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान सुभान के रूप में हुई है, जिसे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है। उसे आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब लाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस मामले को लेकर कुछ निहंग सिख गाजियाबाद पहुंचे थे और वहां स्थानीय पुलिस थाने में आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी।

निहंग सिखों का कहना है कि युवक द्वारा की गई यह हरकत सिखों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाने वाली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिख समुदाय पर अक्सर कानून हाथ में लेने के आरोप लगाए जाते हैं, इसलिए वे कानून के दायरे में रहकर पुलिस के पास पहुंचे हैं। निहंगों ने यह भी कहा कि उनके पास युवक से जुड़ी पूरी जानकारी है और वे चाहते हैं कि वह सार्वजनिक रूप से सिख मर्यादा के अनुसार माफी मांगे।

गौरतलब है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक श्री हरिमंदर साहिब के पवित्र सरोवर में कुल्ला करते हुए नजर आ रहा था। वीडियो को “मुस्लिम शेर” लिखकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। वीडियो में युवक मुस्लिम टोपी पहने हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सिख संगठनों और संगत में भारी रोष फैल गया।

इस मामले पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने भी कड़ा एतराज जताया। SGPC के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह ने कहा कि वीडियो की जांच की जाएगी और यदि यह सही पाया गया तो उस समय तैनात सेवादारों की भूमिका की भी जांच होगी। SGPC पहले ही धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्वर्ण मंदिर परिसर में रील और वीडियो बनाने पर रोक लगा चुकी है और इसके लिए सेवादारों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि सच्चखंड श्री हरिमंदर साहिब के पावन सरोवर में की गई यह हरकत सिख मर्यादा के खिलाफ है। स्वर्ण मंदिर सिख धर्म का सर्वोच्च और अत्यंत पवित्र धार्मिक स्थल है और इस तरह की घटनाएं सिखों की भावनाओं को आहत करती हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments