बाल आयोग ने आपत्तिजनक गीत न गाने के दिए निर्देश
गोवा, 24 जनवरी 2026: प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका सुनीधी चौहान को चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडित राव की शिकायत के बाद नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस दक्षिण गोवा जिला बाल आयोग की ओर से जारी किया गया है, जिसमें गायिका को ‘बीड़ी जलाई ले’ जैसे तंबाकू और शराब को बढ़ावा देने वाले गीत न गाने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि सुनीधी चौहान का 25 जनवरी को गोवा के 1919 स्पोर्ट्स क्रिकेट स्टेडियम में ‘द अल्टीमेट सुनीधी लाइव’ कॉन्सर्ट आयोजित होना है। इसी कॉन्सर्ट को लेकर डॉ. पंडित राव ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने मांग की थी कि बच्चों की मौजूदगी में तंबाकू और शराब को प्रोत्साहित करने वाले गीतों को न बजाया जाए और न ही गाया जाए, इसके लिए आयोजकों को पहले से निवारक सलाह (प्रिवेंटिव एडवाइजरी) जारी की जाए।
शिकायत के बाद गोवा चाइल्ड कमीशन ने सख्त रुख अपनाते हुए आयोजकों को एडवाइजरी जारी की है। दक्षिण गोवा जिला बाल आयोग ने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए हैं कि लाइव कॉन्सर्ट के दौरान ‘बीड़ी जलाई ले’ जैसे गीतों का गायन न किया जाए, ताकि बच्चों पर इसका नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
उल्लेखनीय है कि डॉ. पंडित राव मूल रूप से कन्नड़ भाषी हैं और चंडीगढ़ में समाजशास्त्र के प्रोफेसर हैं। पंजाब में रहते हुए उन्हें पंजाबी भाषा से विशेष लगाव हो गया। वे लोगों को पंजाबी भाषा अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए लगातार जागरूक कर रहे हैं। डॉ. राव अक्सर सिर पर एक बोर्ड लगाकर बाजारों, सड़कों और गलियों में घूमते नजर आते हैं, जिस पर लिखा होता है—‘पंजाबी भाषा का इस्तेमाल करें’। वे दुकानदारों से भी अपील करते हैं कि वे अपने साइनबोर्ड पंजाबी भाषा में लगाएं और मातृभाषा को प्रोत्साहित करें।






