ढाब बस्ती, किला मोहल्ला और चूहरपुर गांव में डॉग स्क्वॉड व कमांडो टीम की मदद से विशेष सर्च अभियान, आमजन से सहयोग का आह्वान
फतेहाबाद, 22 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा): पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत थाना शहर टोहाना और थाना जाखल पुलिस ने जिले में नशा तस्करी और नशा विरोधी गतिविधियों के खिलाफ एक विशेष सर्च और तलाशी अभियान चलाया।
थाना जाखल प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश ने बताया कि चूहरपुर गांव में संदिग्ध स्थानों पर गुप्त सूचना के आधार पर तलाशी ली गई। पुलिस ने संभावित नशीले पदार्थ और अवैध गतिविधियों की पहचान के लिए संवेदनशील इलाकों और गलियों में सघन जांच की।
थाना शहर टोहाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि ढाब बस्ती और किला मोहल्ला क्षेत्र में अभियान के दौरान डॉग स्क्वॉड और कमांडो टीम की मदद ली गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए स्थानीय लोगों से बातचीत कर नशे के खिलाफ जागरूक किया और नशा बेचने या पिलाने वालों के संबंध में जानकारी देने की अपील की।
अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि तलाशी पूरी तरह विधिवत और सुरक्षित तरीके से की जाए। पुलिस ने किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत सूचना से बचने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की व्यवस्था भी की।
पुलिस ने आमजन से आग्रह किया कि यदि उन्हें अपने आसपास नशा तस्करी, नशा सेवन या नशा बेचने की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।
ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत थाना शहर टोहाना और थाना जाखल पुलिस जिले में नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर इसी तरह की सघन तलाशी और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखेंगी।






