28 से 30 जनवरी तक मिलेगी सुविधा
बटाला, 21 जनवरी 2026: क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) जालंधर द्वारा जिला गुरदासपुर के बटाला और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को पासपोर्ट आवेदन की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से पासपोर्ट सेवा आरपीओ मोबाइल वैन को तैनात किया गया है। यह मोबाइल वैन तहसील कॉम्प्लेक्स, बटाला (जिला गुरदासपुर) में सेवाएं प्रदान करेगी।
आरपीओ जालंधर के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन 28 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक तहसील कॉम्प्लेक्स, बटाला में उपलब्ध रहेगी। इस दौरान नागरिक अपने पासपोर्ट से संबंधित आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि पासपोर्ट के लिए आवेदन करने के इच्छुक नागरिकों को पहले [www.passportindia.gov.in] पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरना होगा और उसी पोर्टल के माध्यम से अपॉइंटमेंट बुक करनी होगी। निर्धारित तिथि और समय पर मोबाइल वैन में पहुंचकर नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचें, ताकि पासपोर्ट संबंधी प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।






