चांदी भी 3.20 लाख रुपये पहुंची
नई दिल्ली, 21 जनवरी 2026: देश में सोने की कीमतों ने आज नया इतिहास रच दिया है। 21 जनवरी को सोना 1.50 लाख रुपये का स्तर पार करते हुए रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, आज सोने की कीमत में 7,795 रुपये की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई, जिसके बाद 10 ग्राम सोना 1,55,204 रुपये पर पहुंच गया। इससे पहले 20 जनवरी को 10 ग्राम सोने की कीमत 1,47,409 रुपये थी।
साल 2026 में अब तक सोना कुल 21,744 रुपये महंगा हो चुका है, जिससे निवेशकों और आम उपभोक्ताओं दोनों में हलचल देखी जा रही है।
वहीं चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल आया है। आज एक किलो चांदी की कीमत में 10,730 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 3,20,075 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। 20 जनवरी को चांदी की कीमत 3,09,345 रुपये प्रति किलो थी। सिर्फ 21 दिनों में ही चांदी 90,825 रुपये महंगी हो चुकी है।
लगातार तीसरे दिन सोने और चांदी दोनों की कीमतें अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते कीमती धातुओं में यह तेजी देखने को मिल रही है।






