टोरंटो, 19 जनवरी 2026: कनाडा ने अपनी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भारतीय डॉक्टरों को एक बड़ी पेशकश की है। इसके तहत भारतीय डॉक्टरों को एक्सप्रेस वीज़ा एंट्री दी जाएगी। पहले चरण में संघीय सेवाओं के लिए 1,000 डॉक्टरों और प्रांतीय सरकारों के लिए 5,000 डॉक्टरों को वीज़ा जारी किया जाएगा। इस योजना का पहला चरण इसी महीने के अंत तक लागू होने की उम्मीद है।
इस एक्सप्रेस वीज़ा योजना के लिए कनाडा में पहले से कार्यरत भारतीय डॉक्टरों के साथ-साथ भारत से जाने के इच्छुक मेडिकल पेशेवर भी आवेदन कर सकेंगे। आवेदकों का चयन विभिन्न योग्यता और अनुभव से जुड़े मानकों के आधार पर किया जाएगा।
गौरतलब है कि लगभग 5 करोड़ की आबादी वाले कनाडा में डॉक्टरों की भारी कमी है। कनाडियन मेडिकल एसोसिएशन की एक रिपोर्ट के अनुसार, केवल 37 प्रतिशत मरीजों को 24 घंटे के भीतर आपातकालीन अपॉइंटमेंट मिल पाता है। हाल ही में एडमंटन अस्पताल में इलाज में देरी से एक मरीज की मौत का मामला भी चर्चा में रहा था।
आंकड़ों के अनुसार, कनाडा हर साल हाई-स्किल कैटेगरी के तहत भारतीयों को 30 प्रतिशत से अधिक वीज़ा जारी करता है। वर्ष 2025 में कनाडा ने 52 हजार से ज्यादा भारतीय टेक और मेडिकल प्रोफेशनल्स को हाई-स्किल वीज़ा दिए, जबकि इस श्रेणी में दूसरे स्थान पर चीन रहा, जिसे 18 हजार वीज़ा मिले। बीते पांच वर्षों से भारत इस सूची में पहले स्थान पर बना हुआ है।
इसी बीच भारत और कनाडा ने दिसंबर में एक आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत शुरू की है, जिसे संभावित व्यापार समझौते की दिशा में पहला कदम माना जा रहा है। यह प्रक्रिया पिछले पांच वर्षों से रुकी हुई थी। जानकारी के अनुसार, कनाडा के प्रधानमंत्री इस वर्ष भारत दौरे पर भी आ सकते हैं।






