नूक (ग्रीनलैंड), 18 जनवरी 2026: ग्रीनलैंड में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। हजारों लोग राजधानी नूक की सड़कों पर उतर आए और ग्रीनलैंड पर कब्जे को लेकर ट्रंप की टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने “ग्रीनलैंड बिक्री के लिए नहीं है” जैसे नारे लगाए।
कड़ाके की ठंड और बर्फीली सड़कों के बावजूद प्रदर्शनकारी नूक के डाउनटाउन से अमेरिकी दूतावास तक मार्च करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने ग्रीनलैंड के राष्ट्रीय झंडे लहराए और अमेरिका विरोधी पोस्टर हाथों में थामे रखे। ग्रीनलैंड पुलिस के मुताबिक, यह अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है, जिसमें नूक की करीब एक-चौथाई आबादी शामिल हुई।
इसी बीच अमेरिका द्वारा यूरोप के आठ देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने के ऐलान से लोगों का गुस्सा और भड़क गया। ये देश ग्रीनलैंड पर अमेरिकी दबाव और कब्जे की धमकी का विरोध कर रहे थे। दूसरी ओर, यूरोपीय संघ में भी अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर असंतोष बढ़ता दिख रहा है। यूरोपीय संसद के सदस्य और यूरोपियन पीपल्स पार्टी के नेता मैनफ्रेड वेबर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि ट्रंप की ग्रीनलैंड संबंधी धमकियों के चलते अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को मंजूरी देना संभव नहीं है।






