आदमपुर (जालंधर), 18 जनवरी 2026: जालंधर के आदमपुर क्षेत्र में दो दिन पहले हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जालंधर ग्रामीण पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सुबह करीब 8 बजे की गई, जब पुलिस ने दोनों बदमाशों को घेर लिया। आत्मसमर्पण से इनकार करने पर आरोपियों और पुलिस के बीच गोलीबारी हुई।
मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि एक आरोपी की पहचान जस्सा के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने दो दिन पहले बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी के पास गांव सदरा सोढियां बुलोवाल निवासी 22 वर्षीय युवक केसर धामी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गंभीर रूप से घायल केसर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह हत्या चार साल पुराने विवाद के चलते की गई थी।
एसएसपी ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे और उन्होंने हथियार ड्रौली कलां के पास छिपा दिए थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी सुबह हथियार लेने आने वाले हैं, जिसके चलते इलाके में पहले से नाकाबंदी की गई थी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग की और भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो पिस्तौल बरामद किए हैं। आरोपियों ने पुलिस वाहन पर चार गोलियां भी चलाई थीं। फिलहाल दोनों घायल आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।






