साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), 16 जनवरी 2026: पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने शुक्रवार को मोहाली से राज्य सरकार की प्रमुख मुहिम ‘हमारे बुजुर्ग, हमारा मान’ के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बुजुर्गों को सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि दूसरे चरण के तहत जिला स्तरीय शिविरों के लिए 786 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है, ताकि बुजुर्गों को घर के नजदीक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि पहले चरण में वर्ष 2023 के दौरान 20,210 बुजुर्गों का पंजीकरण हुआ था। दूसरे चरण में 2 से 18 फरवरी तक राज्य के सभी जिलों में शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में आंखों की जांच, मोतियाबिंद परीक्षण, ईएनटी व हड्डी रोग विशेषज्ञों की सेवाएं, गैर-संचारी रोगों और डिमेंशिया की स्क्रीनिंग, आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक उपचार, पेंशन आवेदन, सीनियर सिटीजन कार्ड और एलिम्को कार्ड जारी किए जाएंगे। जरूरतमंद बुजुर्गों को चश्मे, श्रवण यंत्र, वॉकर और व्हीलचेयर जैसे सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। बुजुर्गों की सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 14567 भी संचालित है।
मंत्री ने बताया कि पंजाब में वर्तमान में 23.33 लाख से अधिक बुजुर्ग मासिक पेंशन का लाभ ले रहे हैं और वर्ष 2025-26 के बजट में पेंशन योजनाओं के लिए 4,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कार्यक्रम में डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल का संदेश भी दिया गया।






