चंडीगढ़, 16 जनवरी 2026: कड़ाके की ठंड और लगातार गिरते तापमान के बीच हरियाणा सरकार ने स्कूलों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य में बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां एक बार फिर बढ़ा दी गई हैं। अब हरियाणा के स्कूल 19 जनवरी से दोबारा खुलेंगे।
जानकारी के अनुसार, ठंड के प्रकोप और छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने यह अहम निर्णय लिया है। पहले स्कूलों में छुट्टियां 15 जनवरी तक घोषित की गई थीं, लेकिन मौसम की गंभीरता को देखते हुए इन्हें आगे बढ़ाया गया है।
नए आदेशों के मुताबिक स्कूल 17 जनवरी तक बंद रहेंगे। वहीं 18 जनवरी को रविवार होने के कारण छात्रों को एक दिन की अतिरिक्त राहत मिलेगी। इसके बाद विद्यार्थी 19 जनवरी से नियमित रूप से स्कूल जाना शुरू करेंगे।
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों और स्कूल प्रशासन से अपील की है कि बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखा जाए और ठंड से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाए जाएं।






