कोटकपूरा, 12 जनवरी 2026: रेलवे विभाग द्वारा श्री मुक्तसर साहिब में लगने वाले माघी मेले के मद्देनज़र श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोटकपूरा होकर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इस संबंध में कोटकपूरा रेलवे स्टेशन मास्टर रामकेश मीना ने जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए माघी मेला स्पेशल ट्रेन 11 जनवरी से 15 जनवरी तक बठिंडा से फाजिल्का के बीच वाया कोटकपूरा चलाई जा रही है। इस ट्रेन से माघी मेले में शामिल होने के लिए जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
स्टेशन मास्टर के अनुसार, श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का जाने के लिए यह स्पेशल ट्रेन सुबह 9:09 बजे कोटकपूरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और 9:11 बजे आगे के लिए रवाना होगी। वहीं वापसी के दौरान यह ट्रेन शाम 3:25 बजे कोटकपूरा रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी और 3:27 बजे बठिंडा के लिए प्रस्थान करेगी।
रेलवे विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अनुसार यात्रा करें और यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें। माघी मेले को देखते हुए इस विशेष ट्रेन सेवा को यात्रियों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है।





