इंडोनेशिया, 11 जनवरी 2026: यूरोप से एशिया तक कई सरकारें और नियामक एलन मस्क के ग्रोक ऐप पर तैयार किए जा रहे यौनिक (सेक्शुअलाइज़्ड) कंटेंट को लेकर सवाल उठा रहे हैं। खास तौर पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों की गैर-सहमति (नॉन-कंसेंशुअल) डीपफेक तस्वीरों को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। यह मुद्दा भारत सहित दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है और एलन मस्क को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
इसी बीच इंडोनेशिया सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए एलन मस्क के ग्रोक चैटबॉट पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। ऐसा करने वाला इंडोनेशिया दुनिया का पहला देश बन गया है।
इंडोनेशिया के संचार एवं डिजिटल मंत्री मेउतिया हाफिद ने जारी बयान में कहा कि सरकार इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन मानती है, जो डिजिटल स्पेस में नागरिकों की गरिमा और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह का कंटेंट समाज पर नकारात्मक असर डालता है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है, जब ग्रोक को लेकर वैश्विक स्तर पर सख्ती बढ़ रही है। भारत, जर्मनी, फ्रांस और मलेशिया जैसे देशों ने पहले ही ग्रोक ऐप से जुड़े मामलों की जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य देश भी इस मामले में कड़े कदम उठा सकते हैं।






